टूर पैकेज के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा:शिमला पहुंचे पर्यटक, नहीं मिली कोई सुविधा; इंदौर में कोलकाता के युवक पर केस दर्ज
गर्मी शुरू होते ही लोग घूमने-फिरने के लिए टूर पैकेज बुक कराने लगते हैं, लेकिन इंदौर के कुछ लोगों के लिए यह ट्रिप महंगी साबित हुई। टूर पैकेज लेने के बाद जब वे शिमला पहुंचे तो पता चला कि उनके नाम से न होटल बुक था और न ही गाड़ी की व्यवस्था की गई थी। शिकायत मिलने पर टूर एंड ट्रेवल्स संचालक को खुद के साथ भी करीब सवा दो लाख रुपए की ठगी का पता चला। मामले में तुकोगंज थाने में केस दर्ज कराया गया है।
तुकोगंज पुलिस के मुताबिक, शिवशक्ति नगर निवासी गौरव त्रिवेदी की शिकायत पर कोलकाता निवासी अरिंदम देय के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। एडिशनल डीसीपी प्रियंका डूडवे ने बताया कि गौरव टूर एंड ट्रेवल्स का व्यवसाय करते हैं और लोगों को विभिन्न पैकेज के जरिए घूमने भेजते रहे हैं।
गौरव की अरिंदम से ऑनलाइन माध्यम से पहचान हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच कुछ पैकेज डील हुईं, जिनमें आरोपी ने सही तरीके से सेवाएं उपलब्ध कराईं। इससे गौरव को उस पर भरोसा हो गया। बाद में उन्होंने मनाली और अमरनाथ यात्रा के लिए बड़े पैकेज बुक किए।
फरियादी के अनुसार, मनाली ट्रिप के लिए 8 लोगों का पैकेज एक लाख रुपए से अधिक में लिया गया था। वहीं अमरनाथ यात्रा के लिए 7 लोगों की होटल, गाड़ी और हेलीकॉप्टर बुकिंग का पैकेज करीब 1.14 लाख रुपए में तय हुआ। इस तरह आरोपी को कुल 2.26 लाख रुपए से ज्यादा का भुगतान यूपीआई के जरिए किया गया।
