घर के बाहर फेंका गंदा पानी, मना करने पर पीटा:महिला के साथ भी की गाली-गलौज; बाइक टकराने पर डंडे से की युवक की पिटाई
थाना तेजाजी नगर इलाके में मारपीट की दो घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना में घर के बाहर गंदा पानी फेंकने पर झगड़ा हुआ, इसमें युवक को डंडे से पीटा और उसकी पत्नी के साथ गाली-गलौज की। दूसरी घटना में बाइक टकराने पर युवक की डंडे से पिटाई कर दी।
तेजाजी नगर पुलिस के मुताबिक पहला मामला जोशी कॉलोनी का है। रामभरोसे पिता शिवप्रसाद मालवीय निवासी जोशी कॉलोनी की शिकायत पर भूरा सिंह चौहान के खिलाफ केस दर्ज किया। शुक्रवार को फरियादी ने अपने घर के बाहर की सफाई की थी। तभी सामने रहने वाले भूरा सिंह ने गंदा पानी उसके घर के बाहर फेंक दिया, इस पर उनका झगड़ा हो गया और भूरा सिंह ने फरियादी को डंडे से पीट दिया। बीच-बचाव करने फरियादी की पत्नी आई तो उसे भी गालियां दीं।
सिर और पैर में चोट आई
दूसरा मामला असरावद खुर्द हनुमान टेकरी का है। पुलिस के मुताबिक जितेंद्र पिता भैरू सिंह जिराती निवासी ग्राम असरावद खुर्द की शिकायत पर नरसिंह बेला के खिलाफ केस दर्ज किया है। दोनों का बाइक टकराने की बात पर झगड़ा हुआ था। इस पर नरसिंह ने फरियादी को डंडे से पीट दिया, फरियादी के सिर और पैर में चोट आई।
